चौखुटिया से देहरादून के लिए निकाली “मिशन स्वास्थ्य पदयात्रा”
उत्तराखण्ड क्रांति दल ने यात्रा को दिया पूर्ण समर्थन

रुद्रप्रयाग। 28/10/2025
उत्तराखंड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर भुवन कठायत की अध्यक्षता में ‘मिशन स्वास्थ्य पदयात्रा’ की शुरुआत की है। यह पदयात्रा 24 अक्टूबर को अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया से प्रारंभ हुई, जिसका उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण व पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की दयनीय स्थिति पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। इस यात्रा को उत्तराखण्ड क्रांति दल ने अपना पूर्ण समर्थन किया है, साथ में यूकेडी के कुछ नेता भी साथ चल रहे है।
पूर्व सैनिक भुवन कठायत की अगुआई में 24 अक्टूबर चौखुटिया अल्मोड़ा से चली पद यात्रा कल शांय रुद्रप्रयाग पहुंची। रात्रि विश्राम रुद्रप्रयाग में करने के बाद आज यात्रा श्रीनगर के लिये रवाना हुई। जन गीतों व नारों के माध्यम से आंदोलनकारी पद यात्री जनता को जागरूक करते हुये देहरादून कूच कर रहे हैं। आंदोलनकारी भुवन कठायत का कहना है कि यात्रा के देहरादून पहुंचने पर मुख्यमंत्री आवास कूच किया जायेगा। राज्य बनने के 25 साल बाद भी पहाड़ के अस्पताल डाक्टरों व सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।
पद यात्रा में यूकेडी के पूर्व विधायक द्वाराहाट पुष्पेश त्रिपाठी, आशीष नेगी, नन्दिता भटृ , जिला पंचायत सदस्य अल्मोड़ा सरस्वती किरोला, चन्दा कोहली सहित दर्जनों लोग शामिल हैं। रुद्रप्रयाग में स्थानीय लोग पद यात्रा में शामिल हुये। सूरत सिंह झिक्वाण,अजीत भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद कप्रवाण, देवेन्द्र चमोली, आशुतोष भंडारी, जिताकर जंगवाण, राय सिंह पंवार, अशौक चौधरी, दिनेश बर्तवाल, विपिन विष्ट सहित दर्जनों लोग पद यात्रा में शामिल हुये। देखने वाली बात ये है कि इस आंदोलन के बाद क्या सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने में कोई निर्णय लिया जाता है या नहीं।


