राज्य में चेतना प्रबंधन नीति लागू,विकास अब बोतलबंद
रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य को अस्थायी विराम, तरल समाधान से सामाजिक स्थिरता का दावा

डेस्क रिपोर्ट:-
राज्य में विकास ने आज एक नया और अधिक प्रबंधनीय स्वरूप अपना लिया है। सूत्रों के अनुसार, रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे पारंपरिक मुद्दों को फिलहाल प्राथमिकता सूची से हटाकर एक ऐसा तरल समाधान लागू किया गया है, जो सवालों को उठने से पहले ही बैठा देता है। प्रशासनिक हलकों में इसे सामाजिक शांति बनाए रखने की दिशा में एक व्यवहारिक कदम माना जा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, ठेकों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल राजस्व में स्थिरता आई है, बल्कि जनता की सामूहिक स्मृति और सार्वजनिक विमर्श में भी उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है—जिसे नीति-निर्माण की दृष्टि से अनुकूल संकेत माना जा रहा है।
मंत्री जी के कार्यालय से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया:-
“जनता तनाव में थी, हमने समाधान दे दिया। अब लोग नीतियों पर नहीं, बोतल के ढक्कन पर ध्यान दे रहे हैं। इससे सामाजिक बेचैनी में स्पष्ट कमी आई है।”
हालाँकि ज़मीनी रिपोर्ट कुछ अलग तस्वीर पेश करती है। जिन इलाक़ों में स्कूल खुलने थे, वहाँ अब ठेके खुल चुके हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले बच्चे बस्ते लेकर घर से निकलते थे, अब पिता बोतल लेकर लौटते हैं। दोनों में समानता सिर्फ़ इतनी है कि दोनों अक्सर भविष्य से खाली लौटते हैं।
युवा वर्ग का कहना है कि उन्हें रोज़गार भले न मिला हो, लेकिन विकल्प ज़रूर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
एक बेरोज़गार युवक ने कैमरे से बाहर बताया,
“काम नहीं है, पर अब शामें सवाल नहीं पूछतीं।”
महिला संगठनों ने घरेलू अस्थिरता और हिंसा में वृद्धि पर चिंता जताई है। इस पर संबंधित विभाग ने स्पष्ट किया कि यह विषय सामाजिक प्रकृति का है और फिलहाल इसका प्रत्यक्ष संबंध राजस्व से स्थापित नहीं किया जा सका है।
नीति विशेषज्ञों का मानना है कि यह मॉडल दीर्घकालिक साबित हो सकता है। उनका तर्क है कि भूख और बेरोज़गारी असंतोष पैदा करती हैं, जबकि नशा उस असंतोष को निजी दायरे तक सीमित कर देता है। बोतल कभी-कभी टूट सकती है, लेकिन उससे खड़ी की गई व्यवस्था अपेक्षाकृत मज़बूत रहती है क्योंकि वह बोतल पर नहीं, आदत पर आधारित होती है।
अंत में चुनाव आयोग ने नागरिकों से अपील जारी की है कि मतदान के दिन पूर्ण सजगता बनाए रखें। आयोग के अनुसार लोकतंत्र को कम-से-कम एक दिन साफ़ दिमाग़ की आवश्यकता होती है, शेष दिनों के लिए अन्य व्यवस्थाएँ पर्याप्त मानी गई हैं।
हम इस खबर पर नज़र बनाए हुए हैं…
हालाँकि नज़र रखना अब अपने आप में एक चुनौती बनता जा रहा है।
डिस्क्लेमर:-
यह लेख एक व्यंग्यात्मक, साहित्यिक प्रस्तुति है।
इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति, सरकार, संस्था या राज्य को आरोपित करना नहीं है।
लेख में व्यक्त स्थितियाँ सामाजिक नीतियों और प्रवृत्तियों पर टिप्पणी हैं; किसी भी प्रकार की समानता संयोग मात्र है।



