उत्तराखण्ड

मौल्यार फाउंडेशन ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन, जरूरतमंद छात्रों को बांटे जूते और स्कूल बैग।

यूके साइबर न्यूज/ टिहरी गढ़वाल, 27 अगस्त। मौल्यार फाउंडेशन की टिहरी इकाई की ओर से रक्षाबंधन का पर्व जरूरतमंद एवं अनाथ स्कूली बच्चों के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई गई तथा शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।

कोटी कॉलोनी स्थित श्रीदेव सुमन छात्रावास, डी-टाइप परिसर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रह रहे अनाथ छात्रों के साथ फाउंडेशन की टीम ने रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर सभी बच्चों को राखी बांधकर मिठाई खिलाई गई। जानकारी मिलने पर कि कई बच्चों के पास स्कूल के जूते नहीं हैं, फाउंडेशन की ओर से सभी छात्रों को स्कूल जूते वितरित किए गए।

इस अवसर पर परिसर प्रबंधक सुंदर सिंह कलुड़ा ने मौल्यार फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब अधिकांश लोग अपने त्योहारों में व्यस्त रहते हैं, ऐसे समय में फाउंडेशन ने इन बच्चों के बारे में सोचा और उनके बीच पहुंचकर त्योहार मनाया। उन्होंने इसे सराहनीय पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि फाउंडेशन भविष्य में भी समय-समय पर बच्चों की मदद करता रहेगा।

चंबा में बच्चों को बांटे स्कूल बैग

इसी क्रम में मौल्यार फाउंडेशन की टिहरी इकाई की टीम ने चंबा क्षेत्र के जूनियर स्कूल में भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया। टीम ने बच्चों की कलाई पर राखी बांधी और सभी जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। इस दौरान बच्चों में मिठाई भी बांटी गई।

फाउंडेशन का उद्देश्य बच्चों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर उन्हें इस त्योहार के महत्व से परिचित कराना और भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, सम्मान एवं समानता की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का नेतृत्व मौल्यार फाउंडेशन की टिहरी इकाई की शालिनी भट्ट ने किया। इस दौरान आस्था रौथान, अनिशा सकलानी, सिमरन तरियाल और प्रगति कोठारी सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बच्चों एवं विद्यालय प्रशासन ने फाउंडेशन की इस पहल के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

UK Cyber News

Prem Padiyar

साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट के कारण करोड़ों रुपयों की ठगी के मामले सामने आ रहे है, ये ठग अलग अलग माध्यम से लोगों को ठगते है। कभी पुलिस ऑफिसर बनकर, कभी कोरियर डिलीवरी बॉय बनकर, कभी बैंक कर्मचारी या कभी किसी सरकारी संस्थान के कर्मचारी बनकर, कभी ये राशन कार्ड / आधार कार्ड अपडेट तो कभी आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों को ठगते है, कभी मुसीबत में फंसे करीबी रिश्तेदार या दोस्त बनकर आमजन को ठगते हैं। इनसे बचने का एक मात्र तरीका जागरूकता है। इसके शिकार महिलाएं एवं बुजुर्ग ज्यादातर बनते है, हमारा उद्देश्य रहेगा कि समय समय पर आप लोगों तक साइबर क्राइम की जानकारी एवं सुरक्षा के उपाय पहुंचाया जाय, जिससे हर आदमी साइबर ठगी का शिकार होने से बच सके और अपनी गाढ़ी कमाई को बचा सके, साथ ही हमारी कोशिश रहेगी कि देश दुनिया की तमाम खबरें आप तक पहुंचाई जा सके।

Related Articles

Back to top button
Report By UK Cyber News