
रुद्रप्रयाग/देहरादून:
देवभूमि की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर जज्बा हो, तो पहाड़ की राहें भी आसान हो जाती हैं। जनपद रुद्रप्रयाग के बच्छणस्यूं क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (राइंका) टैंठी में तैनात व्यायाम शिक्षिका रीना बागड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रीना अब ‘ऑल इंडिया खो-खो रेफरी’ के रूप में मैदान पर कमान संभालती नजर आएंगी।
देशभर के दिग्गजों को पछाड़ा
हाल ही में आयोजित हुई अखिल भारतीय खो-खो रेफरी परीक्षा में देशभर से कुल 62 मंझे हुए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रीना बागड़ी ने न केवल सफलता पाई, बल्कि शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में स्थान हासिल कर उत्तराखंड का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस परीक्षा में कुल 51 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
मैदान से रेफरी की कुर्सी तक का सफर
रीना बागड़ी की यह उपलब्धि कोई संयोग नहीं है, बल्कि उनकी वर्षों की मेहनत का परिणाम है। वह इससे पहले सिविल सर्विसेज नेशनल गेम्स में भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। एक खिलाड़ी के रूप में मैदान की बारीकियों को समझने वाली रीना अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निर्णायक (रेफरी) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
क्षेत्र में खुशी की लहर
रीना की इस कामयाबी पर राइंका टैंठी और बच्छणस्यूं क्षेत्र सहित पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने इसे राज्य के खेल बुनियादी ढांचे और शिक्षकों की मेहनत की जीत बताया है।


