अपराधउत्तराखंड

आर्मी स्कूल पिथौरागढ़ के प्रिंसिपल पर लगे गंभीर आरोप, मामला रक्षा मंत्रालय तक पहुंचा।

रक्षा मंत्रालय की टीम जल्द पहुंचेगी पिथौरागढ़ : भंडारी, डीएम ने भी मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई

पिथौरागढ़। (यूके साइबर न्यूज) 03/11/2025: आर्मी स्कूल पिथौरागढ़ के प्रधानाचार्य पर लगे महिला कर्मियों के साथ यौन उत्पीड़न, कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार सहित अन्य आरोपों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब मामला राज्य महिला आयोग के साथ ही रक्षा मंत्रालय तक पहुंच गया है। महिला आयोग के निर्देश के बाद डीएम ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। वहीं रक्षा मंत्रालय भी मामले की जांच के लिए जल्द एक टीम पिथौरागढ़ भेजेगा।

बता दें कि लगभग एक महीने पूर्व जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पर यहां तैनात महिला और अन्य कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग को पत्र भेजा था और उनके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। प्रधानाचार्य पर महिला कर्मियों का यौन उत्पीड़न करने, उनके शारीरिक रंग-रूप पर अभद्र टिप्पणी करने, भद्दे इशारे करने और मानसिक शोषण करने के आरोप लगाए गए हैं।

इस बीच कर्मचारियों ने इस मामले की शिकायत दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से की। इधर दायित्वधारी गणेश भंडारी ने सोमवार को नगर के होटल में पत्रकारों के साथ वार्ता कर कहा कि आर्मी स्कूल के प्रधानाचार्य पर यहां तैनात 80 फीसदी कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। यदि ऐसा नहीं होता तो अधिकांश कर्मचारी शिकायत दर्ज नहीं कराते। मामले को केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष रखा गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री ने मामले में रक्षा मंत्रालय से वार्ता की। जल्द ही रक्षा मंत्रालय की एक टीम जांच के लिए आर्मी स्कूल पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह मामला इस सीमांत में सैनिक स्कूल की गरिमा को भी धूमिल कर रहा है। उधर डीएम एके भटगांई के अनुसार प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जो मामले की अपने स्तर से जांच करेगी।

स्रोत: – सूत्र यूके न्यूज 18

UK Cyber News

Prem Padiyar

साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट के कारण करोड़ों रुपयों की ठगी के मामले सामने आ रहे है, ये ठग अलग अलग माध्यम से लोगों को ठगते है। कभी पुलिस ऑफिसर बनकर, कभी कोरियर डिलीवरी बॉय बनकर, कभी बैंक कर्मचारी या कभी किसी सरकारी संस्थान के कर्मचारी बनकर, कभी ये राशन कार्ड / आधार कार्ड अपडेट तो कभी आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों को ठगते है, कभी मुसीबत में फंसे करीबी रिश्तेदार या दोस्त बनकर आमजन को ठगते हैं। इनसे बचने का एक मात्र तरीका जागरूकता है। इसके शिकार महिलाएं एवं बुजुर्ग ज्यादातर बनते है, हमारा उद्देश्य रहेगा कि समय समय पर आप लोगों तक साइबर क्राइम की जानकारी एवं सुरक्षा के उपाय पहुंचाया जाय, जिससे हर आदमी साइबर ठगी का शिकार होने से बच सके और अपनी गाढ़ी कमाई को बचा सके, साथ ही हमारी कोशिश रहेगी कि देश दुनिया की तमाम खबरें आप तक पहुंचाई जा सके।

Related Articles

Back to top button
Report By UK Cyber News