देवभूमि के मंच पर गालीबाज़ गायक की गुंडागर्दी, अब दून पुलिस सिखाएगी तमीज!
बयान देने आना होगा देहरादून।

देहरादून:
शिक्षा के मंदिर में अश्लीलता और बदजुबानी परोसने वाले हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में मर्यादाओं की धज्जियाँ उड़ाने वाले इस गायक को अब देहरादून पुलिस के सामने पेश होकर अपने ‘कुकर्मों’ का हिसाब देना होगा।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में डीएवी कॉलेज के कार्यक्रम में मासूम शर्मा ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि मंच से खुलेआम गालियाँ भी दीं। इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए गायक को पूछताछ के लिए नोटिस भेज दिया है। पुलिस उस तथाकथित ‘गुंडे’ की कुंडली भी खंगालेगी जिसका जिक्र गायक ने मंच से सहानुभूति बटोरने के लिए किया था।
तीरथ सिंह रावत का फूटा गुस्सा: यह देवभूमि का अपमान है
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षण संस्थानों का मंच ऐसी फूहड़ता के लिए नहीं है। रावत ने आयोजकों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ऐसे कलाकारों को बुलाना देवभूमि की संस्कृति पर आघात है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर पैसों की बर्बादी और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
पुलिसिया शिकंजा और कानूनी धाराएं
सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर डालनवाला थाने में गायक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर एक कलाकार ने सार्वजनिक मंच से महिलाओं की गरिमा और शांति व्यवस्था को चुनौती देने की हिम्मत कैसे की।
सीधी बात- (UK Cyber News): सवाल उन आयोजकों पर भी है जो चंद घंटों के शोर-शराबे के लिए बाहर से ऐसे विवादित लोगों को बुलाते हैं, जबकि हमारे अपने स्थानीय कलाकारों को मंच नहीं मिलता। क्या कॉलेज अब शिक्षा के बजाय ‘गाली-गलौज’ के केंद्र बनेंगे? पुलिस की ये कार्रवाई उन सभी के लिए सबक होनी चाहिए जो देवभूमि की मर्यादा को हलके में लेते हैं।


