कानून की नई समझ: जेब में पैसा जुर्म, फाइल में प्रक्रिया
अब सवाल रिश्वत का नहीं, उसकी लोकेशन का है

उत्तरप्रदेश। लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आए एक मामले ने भ्रष्टाचार और कानून—दोनों की परिभाषा पर नए सिरे से बहस छेड़ दी है। मामला लखनऊ पुलिस के दारोगा धनंजय सिंह से जुड़ा है, जिन्हें रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े जाने के बाद भी हाईकोर्ट से जमानत मिल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपित दरोगा के पास से 500 रुपये की चार गड्डियाँ बरामद हुई थीं, लेकिन पैसे शरीर से नहीं बल्कि फाइल के बीच रखे मिले। इसी बिंदु ने पूरे मामले को “लोकेशन-बेस्ड करप्शन” की नई मिसाल बना दिया।
कानूनी जानकारों के अनुसार, अदालत ने यह माना कि रकम आरोपी के हाथ, जेब या कपड़ों से नहीं मिली, बल्कि सरकारी फाइलों के बीच रखी थी, इसलिए प्रथम दृष्टया रिश्वत लेने का अपराध स्पष्ट नहीं माना गया और जमानत दे दी गई।
इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर व्यंग्य की बाढ़ आ गई है। लोग कह रहे हैं कि अब रिश्वत लेना नहीं, बल्कि रिश्वत रखने की जगह अपराध तय करेगी।
जेब में पैसा मिले तो गुनाह,हाथ में मिले तो शक,
और अगर फाइल में मिले तो—सरकारी प्रक्रिया!
विडियो वायरल होने और रंगेहाथ पकड़े जाने के बावजूद यह मामला एक तरह से यह संदेश देता दिख रहा है कि भ्रष्टाचार से बचने के लिए अब “शरीर से दूरी और फाइल से नजदीकी” ज़रूरी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे फैसले सिस्टम पर भरोसे को कमजोर करते हैं और यह सवाल खड़ा करते हैं कि क्या अब कानून नैतिकता से ज़्यादा तकनीकी खामियों पर टिकेगा।
देश बदल रहा है, नियम बदल रहे हैं।अब सवाल यह नहीं रह गया कि रिश्वत ली या नहीं, सवाल सिर्फ इतना है कि कहाँ रखी गई?



