आधी रात का डिजिटल मर्डर: एक फोन कॉल और 71 हज़ार गायब होने का खौफ, ठगों की नई चाल का खुलासा!
YONO ऐप के नाम पर 'कॉल' और फिर फर्जी मैसेज का मायाजाल; बिना पैसे कटे ही उड़ा दी परिवार की नींद—UK Cyber News की विशेष रिपोर्ट

रिपोर्ट: विशेष संवाददाता | UK Cyber News
देहरादून:
डिजिटल सुरक्षा के दावों के बीच साइबर अपराधियों ने अब ‘दिमाग’ से खेलने वाला नया पैंतरा अपनाया है। यह मामला न केवल ठगी का है, बल्कि उस मनोवैज्ञानिक दहशत का है जिसके आगे हमारा बैंकिंग सिस्टम बौना साबित हो रहा है। UK Cyber News की इस पड़ताल को गौर से पढ़ें, क्योंकि अगली बारी किसी की भी हो सकती है।
वारदात: YONO ऐप डाउनलोड करो वरना अभी बताता हूँ…
घटना की शुरुआत आधी रात को आई एक कॉल से हुई। ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए आदेश दिया- “YONO ऐप डाउनलोड कर लीजिए, मैं बैंक से बोल रहा हूँ।” जब सतर्क ग्राहक ने सवाल किया कि “रात में कौन सा बैंक फोन करता है? आप फ्रॉड लग रहे हैं”, दोनों के बीच में काफी बहस होती है तो ठग का अहंकार जाग उठा। उसने सीधे धमकी दी- “रुक, अभी बताता हूँ तुझे!” और फोन काट दिया। इसके कुछ ही मिनटों बाद मोबाइल पर मैसेज की झड़ी लग गई:
- पहले ₹198, फिर ₹15,000, फिर ₹3,500…
- देखते ही देखते 8 ट्रांजेक्शन के मैसेज आए और कुल ₹71,000 साफ होने का ब्योरा सामने था।
हैरानी भरा खुलासा: जब बैंक ने कहा- एक रुपया भी नहीं कटा!
पीड़ित के पास न ATM था, न UPI और न ही उसने कोई OTP शेयर किया था, फिर भी पैसे कटने के मैसेज आ रहे थे। असली ट्विस्ट तब आया जब भारी मशक्कत के बाद बैंक एग्जीक्यूटिव से बात हुई। बैंक का जवाब था- “आपके खाते से एक पैसा भी नहीं कटा है।”
क्या था यह खेल? असल में वो सारे मैसेज ठगों द्वारा किसी ‘फर्जी एसएमएस गेटवे’ से भेजे गए थे। ठग चाहते थे कि ग्राहक घबराकर उन्हें दोबारा फोन करे या मैसेज में दिए गए किसी फर्जी कोड या लिंक पर टैप कर दे। जैसे ही ग्राहक उस लिंक पर क्लिक करता, ठग को उसके फोन का असली एक्सेस मिल जाता और तब सच में असली लूट शुरू होती।
सिस्टम का टॉर्चर: 1 दबाएँ… 3 दबाएँ के बीच बीतता समय
इस केस में बैंक की सुस्ती ने ठगों की मदद की। जब ग्राहक ‘फर्जी मैसेज’ देखकर दहशत में था, तब बैंक का कस्टमर केयर ‘आईवीआर’ की भूलभुलैया में उलझा था।
- समय की बर्बादी: “भाषा के लिए 1 दबाएँ…” जैसे चक्करों में 15 से 20 मिनट बर्बाद हो गए।
- गैर-जरूरी सवाल: जब बात हुई, तो मदद के बजाय सवालों की लिस्ट थमा दी गई। अगर बैंक तुरंत रिस्पॉन्स देता, तो ग्राहक को उस ‘फर्जी खौफ’ में नहीं जीना पड़ता।
UK Cyber News की मांग: अब तो जागिए हुक्मरानों!
ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था में बदलाव अनिवार्य है:
- इमरजेंसी फ्रीज का सीधा विकल्प: कस्टमर केयर पर पहला विकल्प ‘अकाउंट फ्रीज’ का होना चाहिए।
- तत्काल कार्रवाई का प्रोटोकॉल: पैनिक की स्थिति में जांच से पहले सुरक्षा दी जाए।
- रियल-टाइम समन्वय: बैंक और साइबर सेल के बीच ऐसा नेटवर्क हो कि फर्जी मैसेज भेजने वाले गिरोह तुरंत दबोचे जा सकें।
UK Cyber News विशेष सावधानी नोट: मैसेज देखकर न खोएं होश!
साइबर ठगों की इस नई मनोवैज्ञानिक चाल (Panic Phishing) से बचने के लिए इन 5 बातों को गांठ बांध लें:
-
- मैसेज का सच पहचानें: बैंक से आने वाले असली मैसेज में हमेशा आपके खाते के अंतिम 4 अंक (जैसे: A/c XX1234) लिखे होते हैं। अगर मैसेज में कोई खाता नंबर नहीं है, तो वह 100% फर्जी है।
- लिंक मतलब ‘लूट’: मैसेज में आए किसी भी लिंक (जैसे: bit.ly, tinyurl) पर भूलकर भी क्लिक न करें। यह आपके फोन का रिमोट एक्सेस ठगों को दे सकता है।
- सिर्फ ‘ऐप’ पर भरोसा करें: अगर मैसेज आए कि पैसे कट गए हैं, तो घबराकर किसी को फोन करने के बजाय सीधे अपने बैंक के ऑफिशियल ऐप में लॉगिन करें और ‘स्टेटमेंट’ चेक करें।
- कॉल तुरंत काटें: ठग आपको बातों में उलझाकर पैनिक (घबराहट) बनाए रखेगा ताकि आप सोच न सकें। तुरंत फोन काटें और शांत होकर बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर खुद कॉल करें।
- ब्लॉक और रिपोर्ट: ऐसे फर्जी मैसेज भेजने वाले नंबर को तुरंत ब्लॉक करें और स्क्रीनशॉट लेकर 1930 पर या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।
“याद रखें: आपकी घबराहट ही ठगों की सबसे बड़ी ताकत है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!”
नोट: यह लेख जनहित में जारी किया गया है। साझा की गई घटनाएं पीड़ित के व्यक्तिगत अनुभव और साक्ष्यों पर आधारित हैं। साइबर ठगी से बचने के लिए सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



