सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बड़ा एक्शन, देहरादून में 43 धार्मिक स्थलों से हटे लाउडस्पीकर
जनपदभर में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण, नियमों के पालन की चेतावनी; उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई के दिए संकेत।

देहरादून।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए देहरादून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की जांच की गई।
पुलिस ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित किए जा रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 43 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित प्रबंधन समितियों और जिम्मेदार व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में बिना सक्षम अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना किसी भी प्रकार का लाउडस्पीकर संचालित न किया जाए।

अभियान के दौरान लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने जागरूक करते हुए बताया कि सार्वजनिक शांति एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए इन नियमों का पालन करना आवश्यक है।
देहरादून पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का उपयोग करती पाई गई, तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने अभियान के दौरान संबंधित धार्मिक स्थलों के प्रबंधन से संवाद स्थापित करते हुए स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धर्म, समुदाय या संस्था विशेष को लक्ष्य बनाकर नहीं की गई है। अभियान का उद्देश्य केवल माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों तथा सार्वजनिक शांति एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराना है।


