Dehradun Newsउत्तराखण्डदेहरादूनभ्रस्टाचारसोशल मीडिया

देहरादून: जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पाण्डेय निलंबित

होम-स्टे योजना में अनियमितताओं के आरोपों की होगी जांच

देहरादून | UK Cyber News:

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) ने देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी (DTDO) बृजेन्द्र पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिषद की ओर से 30 जून 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि दीन-दयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत अनुदान राशि के आवंटन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े वीडियो एवं सूचनाएं सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई थीं। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने के बाद उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
आदेश के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और शिकायतों के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें नियमानुसार पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच पूरी होने तक बृजेन्द्र पाण्डेय निलंबित रहेंगे। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) मिलेगा। साथ ही उन्हें उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद मुख्यालय, देहरादून से संबद्ध किया गया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को यह प्रमाणित करना होगा कि वह किसी अन्य रोजगार, व्यापार अथवा निजी व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं। नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही उन्हें देय भत्तों का भुगतान किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से होम-स्टे योजना के तहत अनुदान वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। इन्हीं आरोपों के बाद विभाग ने प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए अधिकारी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, यह कार्रवाई प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर की गई है। मामले में अंतिम निर्णय विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।

UK Cyber News

Prem Padiyar

साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट के कारण करोड़ों रुपयों की ठगी के मामले सामने आ रहे है, ये ठग अलग अलग माध्यम से लोगों को ठगते है। कभी पुलिस ऑफिसर बनकर, कभी कोरियर डिलीवरी बॉय बनकर, कभी बैंक कर्मचारी या कभी किसी सरकारी संस्थान के कर्मचारी बनकर, कभी ये राशन कार्ड / आधार कार्ड अपडेट तो कभी आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों को ठगते है, कभी मुसीबत में फंसे करीबी रिश्तेदार या दोस्त बनकर आमजन को ठगते हैं। इनसे बचने का एक मात्र तरीका जागरूकता है। इसके शिकार महिलाएं एवं बुजुर्ग ज्यादातर बनते है, हमारा उद्देश्य रहेगा कि समय समय पर आप लोगों तक साइबर क्राइम की जानकारी एवं सुरक्षा के उपाय पहुंचाया जाय, जिससे हर आदमी साइबर ठगी का शिकार होने से बच सके और अपनी गाढ़ी कमाई को बचा सके, साथ ही हमारी कोशिश रहेगी कि देश दुनिया की तमाम खबरें आप तक पहुंचाई जा सके।

Related Articles

Back to top button
Report By UK Cyber News