उत्तराखंड: मतदाता सूची अपडेट करने के लिए SIR अभियान शुरू, ऐसे करें चेक
15 सितंबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

देहरादून:
उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं के सत्यापन और डेटा शुद्धिकरण के लिए ‘विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम’ (SIR) के तहत सोमवार से एक व्यापक अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाना और नागरिकों को चुनाव संबंधी सेवाओं के साथ सीधे जोड़ना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के पास आवश्यक गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं। आगामी एक माह तक (7 जुलाई तक) यह अभियान जारी रहेगा, जिसके दौरान BLOs घर-घर जाकर मतदाताओं का डेटा एकत्र करेंगे और उसे ‘BLO App’ के माध्यम से डिजिटलाइज करेंगे।
नहीं मिले घर पर? अब बुक ए कॉल से मिलेगा समाधान
सीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य व्यस्तताओं के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं है, तो उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए “बुक ए कॉल विद BLO” की सुविधा शुरू की है:
- कैसे बुक करें: मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाएं या ‘ECI-Net’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
- प्रक्रिया: कॉल बुक करने के बाद, दो दिनों के भीतर संबंधित BLO स्वयं आपसे संपर्क करेंगे।
- स्टीकर सिस्टम: यदि BLO घर भ्रमण के दौरान किसी से नहीं मिल पाते हैं, तो वे संबंधित के घर पर एक स्टीकर लगाएंगे, जिस पर अगली विजिट की तारीख और BLO का मोबाइल नंबर दर्ज होगा।
- स्व-सेवा: मतदाता स्वयं भी ‘ECI-Net’ ऐप से फार्म डाउनलोड कर उसे भरकर अपलोड कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियाँ: कब क्या होगा?
निर्वाचन विभाग ने आगामी समय सारणी जारी कर दी है:
- 14 जुलाई 2026: ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन।
- 14 जुलाई – 13 अगस्त 2026: दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का समय।
- 14 जुलाई – 11 सितंबर 2026: दावों और आपत्तियों का निस्तारण (नोटिस जारी कर)।
- 15 सितंबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
BLO को क्या दें?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और BLO को उपलब्ध कराएं। यदि कोई नया पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना चाहता है, तो वह BLO के माध्यम से फार्म-6 भरकर अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न:
1. मतदाता गणना फार्म (SIR) क्या है?
यह निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अपडेट और सटीक रखने के लिए चलाया जाने वाला एक सत्यापन अभियान है, जिसमें मौजूदा मतदाताओं का डेटा सत्यापित किया जाता है।
2. अगर मैं दिन में घर पर नहीं हूँ, तो फार्म कैसे भरूं?
आप https://voters.eci.gov.in या ECI-Net ऐप के जरिए अपनी सुविधा अनुसार BLO के साथ कॉल बुक कर सकते हैं।
3. क्या मैं ऑनलाइन फार्म भर सकता हूँ?
जी हां, आप ECI-Net ऐप पर फार्म डाउनलोड करके उसे भरकर वहीं अपलोड कर सकते हैं।
4. अगर मुझे मतदाता सूची में नाम जुड़वाना है, तो क्या करना होगा?
आपको अपने संबंधित BLO से संपर्क करना होगा और ‘फार्म 6’ भरना होगा।
5. अंतिम मतदाता सूची कब प्रकाशित होगी?
अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।



