Dehradun NewsUK Cyber Newsउत्तराखंडउत्तराखण्ड क्रांति दलदेहरादून

देहरादून में बढ़ते अपराधों पर UKD का उग्र प्रदर्शन, द्रोण चौक पर फूंका सरकार का पुतला

ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड को लेकर फूटा गुस्सा, सशक्त भू-कानून लागू करने की उठी मांग

देहरादून | 3 अप्रैल 2026

देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने द्रोण चौक पर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और शहर को अपराध मुक्त बनाने की मांग उठाई।

इससे पूर्व, सभी पदाधिकारी कचहरी स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में एकत्रित हुए, जहां बढ़ते अपराधों पर गहन चिंता व्यक्त की गई। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में द्रोण चौक पहुंचे और नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया।

देहरादून का माहौल सुनियोजित तरीके से बिगाड़ा जा रहा – लूशुन टोडरिया

मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने कहा कि देहरादून जैसे शांत शहर में सुनियोजित तरीके से अराजकता का माहौल तैयार किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सैनिक ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खोल चुकी है।
टोडरिया ने आरोप लगाया कि कमजोर भू-कानून के कारण बाहरी राज्यों के अपराधी यहां जमीन खरीदकर बस रहे हैं और गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सशक्त भू-कानून लागू नहीं किया गया, तो ऐसे अपराध पूरे उत्तराखंड में बढ़ सकते हैं।

कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर – कर्नल कैलाश देवरानी

पार्टी के महामंत्री सेवानिवृत्त कर्नल कैलाश देवरानी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक पूर्व सैनिक की सरेआम हत्या बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जो ब्रिगेडियर सीमा पर दुश्मनों से सुरक्षित रहे, उन्हें अपने ही प्रदेश में अपराधियों ने निशाना बना दिया। देवरानी ने राज्य की कानून व्यवस्था को “वेंटिलेटर पर” बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधों पर जल्द अंकुश नहीं लगा, तो उत्तराखंड क्रांति दल जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करेगा।

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख चेहरे

प्रदर्शन में केंद्रीय उपाध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल सुनील कोटनाला, केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष महिपाल पुंडीर, महामंत्री चंद्रमोहन गढ़िया, मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी दिनेश पंत, सर्वोच्च सलाहकार समिति सदस्य पान सिंह रावत, लताफत हुसैन, केंद्रीय महामंत्री मीनाक्षी घिल्डियाल, संगठन मंत्री रविन्द्र ममगांई, महामंत्री राजेश्वरी रावत, नैना लखेड़ा, ऊषा रमोला, राकेश नेगी, कपिल रावत, नमन चंदोला, प्रेम पडियार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डिस्क्लेमर:-

यह समाचार उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर प्रकाशित किया गया है। इसमें व्यक्त विचार संबंधित संगठन के हैं। समाचार पोर्टल का उद्देश्य तथ्यों को पाठकों तक निष्पक्ष रूप से पहुँचाना है।

UK Cyber News

Prem Padiyar

साइबर ठगी एवं डिजिटल अरेस्ट के कारण करोड़ों रुपयों की ठगी के मामले सामने आ रहे है, ये ठग अलग अलग माध्यम से लोगों को ठगते है। कभी पुलिस ऑफिसर बनकर, कभी कोरियर डिलीवरी बॉय बनकर, कभी बैंक कर्मचारी या कभी किसी सरकारी संस्थान के कर्मचारी बनकर, कभी ये राशन कार्ड / आधार कार्ड अपडेट तो कभी आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों को ठगते है, कभी मुसीबत में फंसे करीबी रिश्तेदार या दोस्त बनकर आमजन को ठगते हैं। इनसे बचने का एक मात्र तरीका जागरूकता है। इसके शिकार महिलाएं एवं बुजुर्ग ज्यादातर बनते है, हमारा उद्देश्य रहेगा कि समय समय पर आप लोगों तक साइबर क्राइम की जानकारी एवं सुरक्षा के उपाय पहुंचाया जाय, जिससे हर आदमी साइबर ठगी का शिकार होने से बच सके और अपनी गाढ़ी कमाई को बचा सके, साथ ही हमारी कोशिश रहेगी कि देश दुनिया की तमाम खबरें आप तक पहुंचाई जा सके।

Related Articles

Back to top button
Report By UK Cyber News