ठंड की ठिठुरन, पहाड़ों में सूखी ठंड और मैदानों में घना कोहरा।
आने वाले दिनों में ठंड ज्यादा बढ़ने के आसार।

उत्तराखण्ड/देहरादून/ यूके साइबर न्यूज/। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में सर्दी और कोहरे का सितम लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज (19 दिसंबर, 2025) के लिए इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक घना कोहरा देखा जा रहा है। देहरादून और नैनीताल जिलों के मैदानी इलाकों (जैसे ऋषिकेश और हल्द्वानी के आसपास) में भी दृश्यता काफी कम है। पौड़ी और चम्पावत के निचले इलाकों में भी मध्यम से घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 7 घंटे तक देरी से चल रही हैं। यात्रियों को स्टेशन निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है। नेशनल हाईवे पर दृश्यता बेहद कम होने की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। प्रशासन ने चालकों को फॉग लाइट्स का उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भी कम विजिबिलिटी के कारण कुछ उड़ानों के संचालन में देरी या बदलाव की संभावना बनी हुई है। ऊधमसिंह नगर जैसे इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है, जिससे ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 20 दिसंबर और 21 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इससे ठंड और बढ़ सकती है।
यूके साइबर न्यूज की सलाह है कि बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलें साथ ही मैदानी क्षेत्रों में लंबी यात्रा से बचें और गाड़ी धीरे चलाए।



