चमोली जिला मुख्यालय में जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी का घेराव
उक्रांद के जिला अध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में जिला अधिकारी चमोली के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया ज्ञापन।

आज दिनाँक 24 अक्टूबर, 2025 को उत्तराखंड क्रांति दल चमोली द्वारा जनपद में बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के विरोध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमोली का घेराव किया गया। इस संदर्भ में दल के केंद्रीय महामंत्री व पूर्व विधायक प्रत्याशी बृजमोहन सिंह सजवाण ने कहा कि ऐसे नकारा अधिकारी को जनपद में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने माँग की कि अतिशीघ्र CMO चमोली को बर्खास्त कर किसी काबिल अधिकारी को जनपद चमोली की जिम्मेदारी दी जाय। साथ ही पूर्व में जनपद के हस्पतालों में हुई निर्दोष गर्भवती महिलाओं व अन्य व्यक्तियों की मौत के दोषियों को अतिशीघ्र सजा की माँग भी की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी ने कहा कि अगर 15 दिनों के भीतर CMO चमोली पर कार्यवाही नहीं होती है तो अतिशीघ्र जनपद चमोली में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा व ऐसे अधिकारियों को जनपद से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
केंद्रीय उपाध्यक्ष अरुण कुमार शाह ने कहा कि जनपद में अतिशीघ्र नए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाय व आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराया जाए जिससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने कहा कि अतिशीघ्र जिले की एम्बुलेंस सेवाओं का सुधारीकरण किया जाय जिससे जनता को इसका लाभ मिल सके।
जिला संरक्षक सर्वेश्वर प्रसाद पुरोहित ने कहा कि जब सरकारी सेवाएं मुफ्त हैं तो सरकारी हस्पतालों में स्वास्थ्य कार्ड से पैसे कटवाकर इलाज क्यूँ करवाये जाते हैं। यह अपने आप में गंभीर मामला है, इसपर सरकार अपनी नीति स्पष्ट करें
जिला उपाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में थराली स्वास्थ्य केंद्र आपदा की भेंट चढ़ गया है जिस कारण स्थानीय लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए कि वहाँ पर अतिशीघ्र स्थाई स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं की जाय।
जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट ने कहा कि नारायनबगढ़ स्वास्थ्य केंद्र का अतिशीघ्र उच्चीकरण किया जाय व सभी अस्पतालों में फार्मासिस्ट व स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की जाय। इस अवसर पर जिलाधिकारी चमोली के माध्यम से एक माँगपत्र महामहिम राज्यपाल महोदय को दिया गया। इस अवसर पर अशोक बिष्ट, अनिल राणा, भगत सिंह कुँवर, पुष्पा झिंक्वाण, जमन सिंह, प्रवेश सेमवाल आदि उपस्थित थे।


