गर्मी में सर्दी और दिन में रात: क्या उत्तराखंड में आ गई है कोई अनाम ऋतु?
अंधड़ के साथदिन में अंधेरा, कड़ाके की ठंड की वापसी कुदरत का ये रूप देख हर कोई हैरान।

देहरादून/मसूरी:
उत्तराखंड के मौसम ने आज अचानक ऐसी करवट ली कि लोग दंग रह गए। राजधानी देहरादून और ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी में कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिला। दोपहर के समय जब सूरज की तपिश होनी चाहिए थी, तब अचानक काली घटाओं ने पूरे आसमान को अपनी आगोश में ले लिया, जिससे दोपहर में ही रात जैसा मंजर दिखाई देने लगा।
कुदरत का मिजाज: बारिश और ओलावृष्टि का डबल अटैक
मसूरी और आसपास की पहाड़ियों पर मौसम की मार सबसे ज्यादा पड़ी। तेज अंधड़ के साथ शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते ओलावृष्टि का रूप ले लिया। सड़कों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था मानो मई के महीने में दिसंबर की बर्फबारी हो गई हो। अचानक आए इस तूफान से राहगीरों और पर्यटकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ठिठुरन ने दी दोबारा दस्तक
इस बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। पारे में भारी गिरावट आने की वजह से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड लौट आई है। लोग जो गर्मी की तैयारी कर रहे थे, उन्हें दोबारा अलमारी से गर्म कपड़े और जैकेट निकालने पर मजबूर होना पड़ा है।
किसानों की बढ़ी चिंता
जहाँ एक ओर पर्यटकों के लिए यह नजारा रोमांचक रहा, वहीं स्थानीय काश्तकारों और बागवानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। ओलावृष्टि से फसलों और फलों के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई थी। आने वाले कुछ घंटों तक तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अभी भी जारी है कुदरत का संगीत
समाचार लिखे जाने तक दून घाटी में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की कड़क के साथ तेज़ बारिश का सिलसिला जारी है। ठंडी हवाओं के झोंकों ने शहर को ‘हिल स्टेशन’ बना दिया है। हालांकि यह सुहाना मौसम सुकून दे रहा है, लेकिन बादलों का लगातार गर्जना किसी बड़े बदलाव का संकेत भी दे रहा है।



